PropellerAds

कपिल शर्मा रिश्वत मांगने वाले का नाम बतायें, प्रधानमंत्री पर आरोप लगाना गलत:- मनोज तिवारी

कपिल शर्मा रिश्वत मांगने वाले का नाम बतायें, प्रधानमंत्री पर आरोप लगाना गलत:- मनोज तिवारी

गुंजन कुमार की प्रस्तुति:-
नयी दिल्ली, उत्तर पूर्व दिल्ली के सांसद और भोजपुरी फिल्मों के मेगास्टार तथा पार्टी के स्टार प्रचारक मनोज तिवारी ने आज मुंबई में मनपा अधिकारियों द्वारा पांच लाख की घूस मांगे जाने के कामेडियन कपिल शर्मा के ट्वीट पर कड़ा एतराज जताया और कहा कि कपिल उस अधिकारी का नाम बतायें जिसने उनसे रिश्वत मांगी थी। सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि कपिल शर्मा सालाना 15 करोड़ रुपए टैक्स के रुप में चुका देते हैं फिर भी वो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी से पूछ रहे है कि क्या यहीं है अच्छे दिन? कपिल शर्मा को मोदी जी पर विश्वास रखना चाहिए।
मनोज तिवारी ने कहा कि आजकल हर छोटी से छोटी बात पर पीएम मोदी को दोषी ठहराने का फैशन चल पड़ा है। उन्होंने कहा कि कपिल शर्मा दोषी का नाम बताएं, हम 24 घंटे के अंदर इस मामले की जांच करा दोषी को सजा दिलाएंगे। लेकिन, अगर उनका इरादा भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र  मोदी को बदनाम करने का है तो कुछ नहीं किया जा सकता। मनोज तिवारी ने कहा कि कपिल को कौन नहीं जानता अगर वे सीधे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री या मनपा आयुक्त को एक पत्र लिख देते तो भी उनका काम होजाता। मनोज तिवारी ने आरोप लगाया कि कपिल शर्मा जिस घर के निर्माण की बात कर रहे हैं उसके निर्माण से जुड़े जरुरी कागजात की भी जांच होनी चाहिये। कपिल शर्मा के इस ट्वीट के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस के निर्देश पर मनपा ने एक जांच टीम भी बैठा दिया है।

Share on Google Plus

About Madhubani News

0 comments:

Post a Comment