PropellerAds

एसडीपीओ ने लिया बैंक की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

बेनीपट्टी में एटीएम का जायजा लेतीं एसडीपीओ निर्मला कुमारी
बेनीपट्टी(मधुबनी): प्रखंड क्षेत्र स्थित संचालित विभिन्न बैंक शाखाओं की सुरक्षा व्यवस्था का एसडीपीओ निर्मला कुमारी ने जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने शिवनगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक व बनकट्टा में संचालित बैंक ऑफ इंडिया की शाखाओं की सुरक्षा व्यवस्था का गहन अवलोकन किया और संबंधित बैंक अधिकारियों व कर्मियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश भी दिये. एसडीपीओ ने बैंक शाखाओं में लगे अलार्म को सदैव दुरुस्त रखने व सीसीटीवी कैमरे के हर एंगल से कवरेज करते रहने का भी निर्देश बैंककर्मियों को देते हुए कहा कि थोड़ी सी चूक से भी अपराधी किसी वारदात को अंजाम दे सकते हैं. अप्रिय घटना होने की स्थिति में सीसीटीवी कैमरे के फूटेज से अपराधियों का रिकार्ड खंगाला जा सकेगा. उन्होंने यह भी कहा कि प्रबंधक अपने स्तर से भी विशेष रुप से निगरानी रखें और बैंक परिसर के समीप मंडरानेवाले अपराधिक या संदिग्ध गतिविधिवाले तत्वों को देखे जाने पर शीघ्र ही पुलिस को सूचना देना सुनिश्चित करें. हर हाल में अलार्म चालू रखे जायें, ताकि असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा सके. जायजा लेने के दौरान उन्होंने बैंक शाखाओं व एटीएम मशीन के समीप बेतरतीब ढंग से जूटे लोगों के हूजूम को जमकर हड़काया और राशि निकासी के क्रम में केवल एक व्यक्ति के प्रवेश करने का निर्देश देते हुए एटीएम की गोपनीयता बनाये रखने की नसीहत मौजूद उपभोक्ताओं को भी दीं. उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की लापरवाही के कारण भी आये दिन साइबर अपराध की घटनाओं में इजाफा होते देखा जा रहा है. सावधानी हटने पर दूर्घटना घटने की अवधारणाओं को अमल में लायें और सरकारी दिशा निर्देश का अनुपालन करते हुये एक बार में केवल एक आदमी ही एटीएम कक्ष में प्रवेश करें. वहीं उन्होंने बैंक परिसर में मौजूद उपभोक्ताओं को अपना कार्ड संख्या और एटीएम का पासवर्ड अपरिचित लोगों को किसी भी सूरत में नही बताने संबंधित कई आवश्यक निर्देश भी दिये. एसडीपीओ ने कहा कि बढ़ते अपराध के मद्ये नजर अनुमंडल पुलिस प्रशासन पूरी तरह चौकस है और पुलिस जल्द ही हर एक घटनाओं का उद्भेदन करने में कामयाब रहेगी. घटनाओं के खूलासे के लिये आम लोगों से भी पुलिस प्रशासन को अपेक्षित सहयोग प्रदान करने की अपील की.
Share on Google Plus

About Madhubani News

0 comments:

Post a Comment