मधुबनी : दूसरी शादी करने मंडप में बैठा दूल्हा अपनी दुल्हन का इंतजार कर रहा था कि पत्नी ने देख लिया और सीधे उसे हवालात पहुंचा दिया। शादी के अरमान लिए दूल्हा जेल की सलाखों के पीछे पड़ा रहा। जहब पुलिस के डंडे पड़े तो उसने पत्नी पर ही इल्जाम लगाते हुए कहा कि यही अगर साथ रहने को तैयार हो तो दूसरी शादी क्यों करूंगा?
घटना बुधवार रात की है, पति अपनी पहली पत्नी को छोड़ दूसरी शादी की हसरत लिए दूल्हा बन मंडप में बैठा हुआ था कि तभी पहली पत्नी और उसके परिजनों ने वहां पहुंच उसके अरमान पर पानी फेर दिया। शादी मंडप से उठाकर पुलिस सीधा उसे हवालात ले आई।
जानकारी के अनुसार जयनगर थाना क्षेत्र के हटलेटवा कमलाबाड़ी गांव निवासी इन्द्रजीत राम की शादी सिरहा( नेपाल) में करीब पांच साल पूर्व हो चुकी थी। इन्द्रजीत गुजरात के सूरत में ड्राइवर का काम करता है। शादी के बाद वह पत्नी को लेकर वहीं चला गया। जहां तीन साल पहले वह एक पुत्र का बाप बना। लेकिन पति-पत्नी में सदैव अनबन चलती रहती थी।
ढाई साल पहले वह पत्नी को लेकर अपनी ससुराल सिरहा गया और वहां उसे छोड़ सूरत चला गया। इसके बाद उसने कलुआही थाना क्षेत्र के नरार पश्चिम में अपनी शादी तय कर ली। गाजे-बाजे के साथ शादी और बुधवार रात गाजे-बाजे के साथ शादी रचाने पहुंचा था। इस वाकये की की खबर होने पर उसकी पहली पत्नी और उसके परिजन वहां पहुंच गए और जबरदस्त विरोध जताया।
उनके मुताबिक इन्द्रजीत और उसके परिजनों द्वारा गाली-गलौज एवं मारपीट भी की गई। इसके बाद पहली पत्नी पक्ष से यह शिकायत करने पर कि इन्द्रजीत स्वयं को कुंवारा बता कर शादी कर रहा है, जबकि उसकी शादी हो चुकी है और एक बच्चा भी है, थाना अध्यक्ष आशुतोष कुमार झा ने पुलिस भेज शादी रोकने को कहा।
मगर लड़का पक्ष और नरार के वधू पक्ष ने इससे साफ इन्कार कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने शादी के लिए मंडप पर सज-धज बैठे इन्द्रजीत को उठा कर हवालात में लाकर बंद कर दिया, जहां गुरुवार को दिन में हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। दोनों पक्ष से लोग दिन भर डटे रहे मामले को समझने-सुलझाने को लेकर।
इन्द्रजीत के अनुसार ढाई साल पहले जब वह अपनी पत्नी के साथ सिरहा गया था तो पत्नी उसे सोते में ही छोड़ कर भाग गई थी। ससुराल वाले ने उसे अपनी लड़की को गायब करने का आरोप लगा नेपाल प्रहरी को सौंप दिया था। जिसके बाद पंचायती कर मामला खत्म हुआ और वह पत्नी लेकर गांव आ गया। करीब दो साल पहले वह फिर से भाग गई।
जिसके बाद से उससे कोई सम्पर्क नहीं हो सका तो मजबूरन बूढ़ी मां की देखभाल के लिए शादी कर रहा था। अब
अगर यही साथ रहने के लिए तैयार है तो दूसरी शादी करने का कोई इरादा नहीं है। वहीं उसकी पत्नी का कहना है कि सास उसके साथ मारपीट करती थी और इंद्रजीत अपनी मां को समझाने की जगह उसी का साथ देता था।
एक दिन सास के मार से मैं अधमरी हालत में मौसा को बुलाकर मायके चली गई। इसने कोई खोज.खबर नही ली। अब जब आया तो शादी करने लगा जो हम नहीं करने देंगे।थाना अध्यक्ष ने बताया कि इन्द्रजीत की पत्नी के द्वारा मिली शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

0 comments:
Post a Comment