बेनीपट्टी(मधुबनी): प्रखंड क्षेत्र के जयभ्रद झा राजकृत मध्य विद्यालय ब्रहंपुरा में पिछले दो साल से छात्रवृति की राशि का वितरण नही हो सका है. जिसको लेकर बच्चों व अभिभावकों में आक्रोश व्याप्त है. मिली जानकारी के अनुसार दो साल से अध्य्यनरत बच्चों को उक्त मद की राशि नही मिल पा रही है, जबकि सरकार द्वारा प्रखंड के सभी विद्यालयों में राशि ससमय भेजी जा चुकी है. मिथिला स्टूडेंट यूनियन के सदस्य गिरधारी झा ने बेनीपट्टी प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवेदन देकर जांच करने व वंचित छात्रों के बीच छात्रवृति की राशि वितरण सुनिश्चित कराने का आग्रह किया है. वहीं यूनियन के प्रखंड अध्यक्ष आशीष झा चून्नू ने कहा कि प्रखंड क्षेत्रों में इस तरह का केवल एक ही मामला नही है, बल्कि कई विद्यालयों में व्याप्त है और छात्रवृति की राशि का वितरण नही करनेवाले जिन-जिन विद्यालयों से ऐसे मामले सामने आयेंगे, एमएसयू के कार्यकर्ता छात्र हित को मद्ये नजर रखते हुये राशि वितरण करवाये जाने का पहल करेंगे. इस संबंध में विद्यालय के एचएम राम ललित सिंह ने कहा कि केवल अतिपिछड़े वर्ग के बच्चों के लिये ही उक्त मद की राशि विद्यालय को उपलब्ध कराया गया था, पर वितरण को लेकर अन्य वर्ग के छात्रों व अभिभावकों में व्याप्त आक्रोश को देखते हुये राशि का वितरण नही किया जा सका. विद्यालय को उपलब्ध कराये गये उक्त मद की राशि खाते में ही जमा है. वहीं यूनियन के सदस्यों ने कहा कि जब वितरण नही किया जा सका, तो फिर राशि सरकार को वापस नही भेजा जाना भी संबंधित शिक्षकों की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करती है. जबकि बेनीपट्टी बीडीओ डा. अभय कुमार ने कहा कि मामले की जांच की जायेगी.
0 comments:
Post a Comment